बेहट/मिर्जापुर (सहारनपुर)।
ग्रामीण इलाकों में हाल ही में उड़ते ड्रोन कैमरों और चोरों की गतिविधियों को लेकर फैली अफवाहों से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। इस पर लगाम लगाने और जनता को सच से अवगत कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने मुहिम छेड़ दी है।
सीओ बेहट मुनीश चंद्र के नेतृत्व में थाना बेहट और थाना मिर्जापुर की पुलिस टीमों ने गांव-गांव जाकर चौपालें लगाईं और लोगों को जागरूक किया कि ड्रोन उड़ान की खबरें महज अफवाह हैं और इस तरह की झूठी सूचनाओं पर ध्यान न दें।
थाना मिर्जापुर के इंस्पेक्टर अजय कुमार की अगुवाई में रायपुर, आलमपुर, आमादपुर, मढ़ती, खेड़ी, छज्जा, अकबरपुर बांस, बादशाहीबाग, रहना, मगनपुरा, फैजाबाद और नौगांवा सहित दर्जनों गांवों में चौपाल का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं कोतवाली बेहट के इंस्पेक्टर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर अजय कुमार ने दबकौरा और नादराणा सहित कई अन्य गांवों में भी ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें किसी भी अफवाह से सावधान रहने की अपील की।
इस दौरान सीओ मुनीश चंद्र ने स्पष्ट रूप से कहा,
“ड्रोन कैमरों की उड़ान और चोरों की आमद की खबरें पूरी तरह से असत्य और भ्रामक हैं। ऐसी किसी भी सूचना पर विश्वास न करें। अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी बातों को नजरअंदाज करें।
🔹 पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर है।
🔹 अफवाहों से दूर रहें, सुरक्षित रहें।
Post a Comment